Friday, July 10, 2015

नवरात्रि पूजन

नवरात्रि पूजन

नवरात्रि शक्ति साधना का महापर्व है। वैसे तो पूरे वर्ष में चार नवरात्र- चैत्र, आषाढ़, आश्विन और माघ की शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि से नवमी तिथि तक नौ दिन के होते है, किन्तु प्रसिद्धि में चैत्र और आश्विन के नवरात्र है।

”नव शक्तिभि: संयुक्तं नवरात्रं तदुच्यते”

अर्थात देवी की नवधा शक्ति जिस समय एक महाशक्ति का रूप धारण करती है उसे ही नवरात्रि कहते है।

या श्री: स्वयं सुकृतिनां भवनेष्व लक्ष्मी:,
पापात्मना कृतधियाँ हृदयेषु बुद्धि:।
श्रद्धा सतां कुलजन प्रभवस्य लज्जा,
तां त्वां नता: स्म परिपालय देविविश्वम॥

अर्थात जो पुण्यात्माओ के घरो में स्वयं श्री लक्षमी के रूप में, पापियो के यहाँ दरिद्रता रूप में, शुद्ध अंत:करण वाले व्यक्तियों के हृदय मे सदबुद्धि रूप में, सतपुरूषो में श्रद्धा रूप में, कुलीन व्यक्तियों मे लज्जा रूप मे निवास करती है उसी भगवती दुर्गा को हम सभी नमस्कार करते है। हे देवी आप ही विश्व का पालन पोषण कीजिये।

ॐ नमो दैव्यै महादैव्यै शिवायै सततं नम:।
नम: प्रकृत्यै भद्रायै नियता: प्रणता: स्मताम॥

दुर्गा सप्तशती अपने आपमें एक अदभुत तंत्र ग्रंथ है। महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती का संबंध क्रमश: ऋगवेद, यजुर्वेद और सामवेद से है। ये तीनो वेद तीनो महाशक्तियों का स्वरूप है। इसी प्रकार शाक्त तंत्र, शैव तंत्र और वैष्णव तंत्र उपरोक्त तीनो स्वरूप की अभिव्यक्ति हैं। अत: सप्तशती तीनो वेदो का प्रतिनिधित्व करता है। दुर्गा सप्तशती में सात सौ (७००) प्रयोग है जो इस प्रकार है:- मारण के नब्बे (९०), मोहन के नब्बे (९०), उच्चाटन के दो सौ (२००), स्तंभन के दो सौ (२००), विद्वेषण के साठ (६०) और वशीकरण के साठ (६०)। इसी कारण इसे सप्तशती कहा जाता है।

नवरात्रि पूजन की संक्षिप्त एवं सरल विधि

नवरात्र घट स्थापना:- नवरात्र का श्रीगणेश शुक्ल पतिपदा को प्रात:काल के शुभमहूर्त में घट स्थापना से होता है। घट स्थापना हेतु मिट्टी अथवा साधना के अनुकूल धातु का कलश लेकर उसमे पूर्ण रूप से जल एवं गंगाजल भर कर कलश के उपर (मुँह पर) छिलका युक्त नारियल को लाल वस्त्र/चुनरी से लपेट कर अशोक वृक्ष या आम के पाँच पत्तो सहित रखना चाहिए। पवित्र मिट्टी में जौ के दाने तथा जल मिलाकर वेदिका का निर्माण करें तथा उसके उपर कलश स्थापित करें। स्थापित घट पर वरूण देव का आह्वान कर पूजन सम्पन्न करना चाहिए फिर रोली से स्वास्तिक बनाकर अक्षत एवं पुष्प अर्पण करना चाहिए।

कुल्हड़ में जौ बोना:- नवरात्र के अवसर पर नवरात्रि करने वाले व्यक्ति विशेष शुद्ध मिट्टी मे, मिट्टी के किसी पात्र में जौ बो देते है। दो दिनो के बाद उसमे अंकुर फुट जाते है।

मूर्ति या तसवीर स्थापना:- माँ दुर्गा, भगवान श्री राम, श्री कृष्ण अथवा हनुमान जी की मूर्ती या चित्र को लकड़ी की चौकी पर अपनी सुविधानुसार लाल अथवा पीले वस्त्र पर स्थापित करना चाहिए। जल से स्नान के बाद, मौली चढ़ाते हुए रोली, अक्षत (बिना टूटा हुआ चावल), धूप, दीप एवं नैवेध से पूजा अर्चना करनी चाहिए।

अखण्ड ज्योति (ऐच्छिक):- नवरात्र के दौरान लगातार नौ दिनो तक अखण्ड ज्योति प्रज्जवलित की जाती है किंतु यह साधक की इच्छा एवं सुविधा पर निर्भर करता है। साधक पूजा के दौरान मात्र दीपक जलाकर भी पूजा सकते है।

आसन:- लाल अथवा सफेद आसन पर पूरब की ओर बैठकर नवरात्रि करने वाले साधक को पूजा, मंत्र जप, हवन एवं अनुष्ठान करना चाहिए।

नवरात्र पाठ:- माँ दुर्गा की साधना के लिए ‘श्री दुर्गा सप्तशती’ का पूर्ण पाठ अर्गला, कवच, कीलक सहित करना चाहिए। श्री राम के उपासक को ‘राम रक्षा स्त्रोत’, श्री कृष्ण के उपासक को ‘भगवद् गीता’ एवं हनुमान उपासक को ‘सुन्दरकाण्ड’ आदि का पाठ करना चाहिए।

भोगप्रसाद:- प्रतिदिन देवी एवं देवताओं को श्रद्धा अनुसार विशेष अन्य खाद्द्य पदार्थो के अलावा हलुए का भोग जरूर चढ़ाना चाहिए।

कुलदेवी का पूजन:- हर परिवार मे मान्यता अनुसार जो भी कुलदेवी है उनका श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजा अर्चना करना चाहिए।

विसर्जन:- दशमी के दिन समस्त पूजा हवन इत्यादि सामग्री को किसी नदी या जलाशय में विसर्जन करना चाहिए।

पूजा सामग्री:- कुंकुम, सिन्दुर, सुपारी, चावल, पुष्प, इलायची, लौग, पान, दुध, घी, शहद, बिल्वपत्र, यज्ञोपवीत, चन्दन, इत्र, चौकी, फल, दीप, नैवैध (मिठाई), नारियल आदि।

मंत्र सहित पूजा विधि:- स्वयं को शुद्ध करने के लिए बायें हाथ मे जल लेकर, उसे दाहिने हाथ से ढ़क लें। मंत्रोच्चारण के साथ जल को सिर तथा शरीर पर छिड़क लें।

ॐ अपवित्र: पवित्रो वा सर्वावस्थां गतोपि वा।
य: स्मरेत्पुण्डरीकाक्षं स: बाह्याभ्यन्तरः शुचि:॥
ॐ पुनातु पुण्डरीकाक्ष: पुनातु पुण्डरीकाक्ष: पुनातु॥

आचमन:- तीन बार वाणी, मन व अंत:करण की शुद्धि के लिए चम्मच से जल का आचमन करें। हर एक मंत्र के साथ एक आचमन किया जाना चाहिए।

ॐ अमृतोपस्तरणमसि स्वाहा।
ॐ अमृताविधानमसि स्वाहा।
ॐ सत्यं यश: श्रीमंयी श्री: श्रयतां स्वाहा।

प्राणायाम:- श्वास को धीमी गति से भीतर गहरी खींचकर थोड़ा रोकना एवं पुन: धीरे-धीरे निकालना प्राणायाम कहलाता है। श्वास खीचते समय यह भावना करे किं प्राण शक्ति एवं श्रेष्ठता सॉस के द्वारा आ रही है एवं छोड़ते समय यह भावना करे की समस्त दुर्गण-दुष्प्रवृतियां, बुरे विचार, श्वास के साथ बाहर निकल रहे है। प्राणायाम निम्न मंत्र के उच्चारण के उपरान्त करें:-

ॐ भू: ॐ भुव: ॐ स्व: ॐ मह:।
ॐ जन: ॐ तप: ॐ सत्यम।
ॐ तत्सवितुर्ररेण्यं भर्गो देवस्य धीमही धियो यो न: प्रचोदयात।
ॐ आपोज्योतिरसोअमृतं बह्मभुर्भुव स्व: ॐ।

न्यास:- इसका प्रयोजन शरीर के सभी महत्वपूर्ण अंगो में पवित्रता का समावेश तथा अंत:चेतना को जगाना ताकि देवपूजन जैसा श्रेष्ठ कृत्य किया जा सके। बाए हाथ में (हथेली) जल लेकर दाहिने हाथ की पांचो अंगुलियों को उनमे भिगोकर बताए गए स्थान को मंत्रोचार के साथ स्पर्श करें।

ॐ वाड़मेSआस्येSस्तु। (मुख को)
ॐ नसोर्मेप्राणेSस्तु। (नासिका के दोनो छिद्रों को)
ॐ अक्ष्णोर्मेचक्षुरस्तु। (दोनो नेत्रो को)
ॐ कर्णयोर्मे श्रोत्रमस्तु। (दोनो कानो को)
ॐ बाह्वोर्मे बलमस्तु। (दोनो बाहो को)
ॐ उर्वोर्मेओजोSस्तु। (दोनो जंघाओं को)
ॐ अरिष्टानिमेSड़्गानि, तनूस्तंवा मे सहसन्तु। (समस्त शरीर को)

आसन शुद्धि:- आसन की शुद्धि के लिए धरती माता को स्पर्श करें।

ॐ पृथ्वित्वया घृता लोका देवि त्वं विष्णुना धृता:।
 त्वं च धारय मां देवि पवित्रं कुरू चासनम॥

रक्षा विधान:- रक्षा विधान का अर्थ है जहाँ हम पूजा कर रहे है वहाँ यदि कोई आसुरी शक्तियाँ, मानसिक विकार आदि हो तो चले जायें, जिससे पूजा में कोई बाधा उपस्थित न हो। बाए हाथ मे पीली सरसो अथवा अक्षत लेकर दाहिने हाथ से ढ़क दें। निम्न मंत्र उच्चारण के पश्चात सभी दिशाओं में उछाल दें।

ॐ अपसर्पन्तु ते भूता: ये भूता:भूमि संस्थिता:।
ये भूता: बिघ्नकर्तारस्तेनश्यन्तु शिवाज्ञया॥
अपक्रामन्तु भूतानि पिशाचा: सर्वतो दिशम।
सर्वेषामविरोधेन पूजा कर्मसमारभ्भे॥

गणपति पूजन:- लकड़ी के पट्टे या चौकी पर सफेद वस्त्र बिछाकर उस पर एक थाली रखें। इस थाली में कुंकुम से स्वस्तिक का चिन्ह बनाकर उस पर पुष्प आसन लगाकर गणपति की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें अथवा सुपारी पर लाल मौली बांधकर गणेश के रूप में स्थापित करें। अब अक्षत, लाल पुष्प (गुलाब), दूर्वा (दुवी) एवं नेवैध गणेश जी पर चढ़ाकर जल छोड़ने के पश्चात निम्न मंत्र का २१ बार जप करें:-

“ॐ गं गणपतये नम:”

मंत्रोच्चारण के पश्चात अपनी मनोकामना पूर्ती हेतु निम्न मंत्र से प्रार्थना करें:-

विघ्नेश्वराय वरदाय शुभप्रियाय।
लम्बोदराय विकटाय गजाननाय॥
नागाननाय श्रुतियज्ञविभूषिताय।
गौरीसुताय गणनाथ नमो नमस्ते॥

भक्तार्त्तिनाशन पराय गणेश्वराय।
सर्वेश्वराय शुभदाय सुरेश्वराय॥
विद्याधराय विकटाय च वामनाय।
भक्त प्रसन्न वरदाय नमो नमस्ते॥

संकल्प:- दाहिने हाथ मे जल, कुंकुम, पुष्प, चावल लेकर निम्न संकल्प बोलें:-

ॐ विष्णुर्विष्णु: श्रीमद्भगवतो विष्णोराज्ञाया प्रवर्तमानस्य, अद्य, श्रीबह्मणो द्वितीय प्ररार्द्धे श्वेत वाराहकल्पे जम्बूदीपे भरत खण्डे आर्यावर्तैक देशान्तर्गते, मासानां मासोत्तमेमासे (अमुक) मासे (अमुक) पक्षे (अमुक) तिथौ (अमुक) वासरे (अमुक) गोत्रोत्पन्न: (अमुक) नामा: (अपने गोत्र  नाम का उच्चारण करें) अहं (सपरिवार/सपत्नीक) सत्प्रवृतिसंवर्धानाय, लोककल्याणाय, आत्मकल्याण्य, पारिवारिक च आर्थिक सम्पन्नतार्थाय (अपनी कामना का उच्चारण करें) कामना सिद्धयर्थे दुर्गा पूजन करिष्ये।

जल को भूमि पर छोड़ दे। अगर कलश स्थापित करना चाहते है तो अब इसी चौकी पर स्वास्तिक बनाकर उसपर कुकंम, अक्षत, पुष्प आदि अर्पित करते हुए बाये हाथ की ओर कोने में कलश (जलयुक्त) स्थापित करें। इस कलश में एक सुपारी कुछ सिक्के, दूब, हल्दी की एक गांठ डालकर, एक नारियल पर स्वस्तिक बनाकर उसके उपर लाल वस्त्र लपेटकर मौली बॉधने के बाद कलश पर स्थापित कर दें। जल का छींटा देकर, कुंकम, अक्षत, पुष्प आदि से नारियल की पूजा करे। वरूण देव को स्मरण कर प्रणाम करे। फिर पूर्व, पश्चिम, उत्तर एवं दक्षिण में कलश पर बिन्दी लगाए। अब एक दूसरी स्वच्छ थाली में स्वस्तिक बनाकर उस पर पुष्प का आसन लगाकर दुर्गा प्रतिमा या तस्वीर या यंत्र को स्थापित करें। अब निम्न प्रकार दुर्गा पूजन करे:-

स्नानार्थ जलं समर्पयामि (जल से स्नान कराए)
स्नानान्ते पुनराचमनीयं जल समर्पयामि (जल चढ़ाए)
दुग्ध स्नानं समर्पयामि (दुध से स्नान कराए)
दधि स्नानं समर्पयामि (दही से स्नान कराए)
घृतस्नानं समर्पयामि (घी से स्नान कराए)
मधुस्नानं समर्पयामि (शहद से स्नान कराए)
शर्करा स्नानं समर्पयामि (शक्कर से स्नान कराए)
पंचामृत स्नानं समर्पयामि (पंचामृत से स्नान कराए)
गन्धोदक स्नानं समर्पयामि (चन्दन एवं इत्र युक्त जल से स्नान करावे)
शुद्धोदक स्नानं समर्पयामि (जल से पुन: स्नान कराए)
यज्ञोपवीतं समर्पयामि (यज्ञोपवीत चढ़ाए)
चन्दनं समर्पयामि (चंदन चढ़ाए)
कुकंम समर्पयामि (कुकंम चढ़ाए)
सुन्दूरं समर्पयामि (सिन्दुर चढ़ाए)
बिल्वपत्रै समर्पयामि (विल्व पत्र चढ़ाए)
पुष्पमाला समर्पयामि (पुष्पमाला चढ़ाए)
धूपमाघ्रापयामि (धूप दिखाए)
दीपं दर्शयामि (दीपक दिखाए व हाथ धो लें)
नैवेध निवेद्यामि (नेवैध चढ़ाए(निवेदित) करे)
ऋतु फलानि समर्पयामि (फल जो इस ऋतु में उपलब्ध हो चढ़ाए)
ताम्बूलं समर्पयामि (लौंग, इलायची एवं सुपारी युक्त पान चढ़ाए)
दक्षिणा समर्पयामि (दक्षिणा चढ़ाए)
इसके बाद कर्पूर अथवा रूई की बाती जलाकर आरती करे।

प्रदक्षिणा:- निम्न मंत्र बोलकर प्रदिक्षणा करें (स्थान के अभाव में आसन पर खड़े-खड़े ही स्थान पर घूमे)

यानि कानि च पापानी जन्मान्तर कृतानि च।
तानी सर्वानि नश्यन्तु प्रदक्षिणपदे पदे॥
प्रदक्षिणा समर्पयामि।

क्षमा प्रार्थना:- पुष्प सर्मपित कर देवी को निम्न मंत्र से प्रणाम करे।

नमो दैव्यै महादेव्यै शिवायै सततं नम:।
नम: प्रकृतयै भद्रायै नियता: प्रणता: स्मताम॥

या देवी सर्व भूतेषु मातृरूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:॥

ततपश्चात देवी से क्षमा प्रार्थना करे कि जाने अनजाने में कोई गलती या न्यूनता-अधिकता यदि पूजा में हो गई हो तो वे क्षमा करें।

इस पूजन के पश्चात अपने संकल्प मे कहे हुए मनोकामना सिद्धि हेतु निम्न मंत्र का यथाशक्ति श्रद्धा अनुसार ९ दिन तक जप करें:-

ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे ॐ

No comments:

Post a Comment

#तंत्र #मंत्र #यंत्र #tantra #mantra #Yantra
यदि आपको वेब्सायट या ब्लॉग बनवानी हो तो हमें WhatsApp 9829026579 करे, आपको हमारी पोस्ट पसंद आई उसके लिए ओर ब्लाँग पर विजिट के लिए धन्यवाद, जय माँ जय बाबा महाकाल जय श्री राधे कृष्णा अलख आदेश 🙏🏻🌹

इस नवरात्रि को क्या करे और क्या है खास

जय मां बाबा की मित्रों आप सभी को  🌷🌷 *घट स्थापना का शुभ मुहूर्त* 🌷🌷 इस बार नवरात्र 3 अक्टूबर 2024 गुरुवार से  11 अक्टूबर 2024 शुक्रवार त...

DMCA.com Protection Status